जिलाधिकारी ने विभागीय समीक्षा में कई निर्देश जारी किए

हरिद्वार। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने एक बैठक की, जिसमें जिला योजना, स्टेट सेक्टर और केंद्र पोषित तथा बाहरी सहायता प्राप्त योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने पशुपालन विभाग की समीक्षा में कुक्कुट पालन को बढ़ावा देने और अधिक जीवन प्रत्याशा वाले चूजे वितरित करने का निर्देश दिया। मदर पोल्ट्री और हेचरी विकसित करने के लिए खण्ड विकास अधिकारी और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया। कड़कनाथ प्रजाति के कुक्कुट पालन और कृत्रिम गर्भाधान को भी बढ़ावा देने के आदेश दिए। उद्यान विभाग को कीनू उत्पादन पायलट प्रोजेक्ट और एनएच किनारे पौधे लगाने का निर्देश दिया। कृषि विभाग को किसानों को दवाइयां और उपकरण समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में सरकारी स्कूलों की शिक्षा गुणवत्ता को निजी स्कूलों के मानक के बराबर लाने और बच्चों को समय पर सुविधाएं देने की सलाह दी। समाज कल्याण विभाग को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की धनराशि समय पर वितरित करने का निर्देश दिया।

निर्माण एजेंसियों को निर्माण कार्यों को गुणवत्तायुक्त और समयबद्ध पूर्ण करने के आदेश दिए। जिन योजनाओं के टैण्डर बाकी हैं, उनकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने और वर्क ऑर्डर जारी करने की बात कही। धनराशि का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतीक जैन, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, अधीक्षण अभियंता लोनिवि सुरेश तोमर, अधिशासी अभियंता राजीव कुमार टम्टा, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक आशुतोष भण्डारी, अधिशासी अभियंता पीएल नौटियाल, सहायक वन संरक्षक संदीपा शर्मा, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *