हरिद्वार। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोनिवि, पीएमजीएसवाई और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें गड्ढा मुक्त किया जाए। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़क विभागों को रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि राज्य सेक्टर एवं जिला सेक्टर में स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ व्यय सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बीस सूत्रीय कार्यक्रम में बी एवं सी श्रेणी वाले विभागों को ए श्रेणी में लाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि जिले में स्वीकृत योजनाएं जो बजट या भूमि की कमी जैसे कारणों से अटकी हैं, उनका पूरा विवरण अगली जनसुनवाई में प्रस्तुत किया जाए।
डीएम ने बताया कि जिले में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जा रहा है। सभी अधिकारी अपने कार्यालयों और क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाएं। नगर निगम, पालिका व पंचायतों को झाड़ियों की कटान और कचरे का निस्तारण सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
जिला आपदा प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि बारिश से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों और योजनाओं का आंकलन प्रस्ताव शासन को भेजा जाए।
बैठक में सीडीओ आकांक्षा कोण्डे, एडीएम वित्त दीपेंद्र सिंह नेगी, सीएमओ आरके सिंह, पीडी केएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।