कार्तिक पूर्णिमा पर बेहतर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों: डीएम मयूर दीक्षित

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को मां मनसा देवी मंदिर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, सौंदर्यकरण और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्तिक पूर्णिमा पर्व पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

डीएम ने निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में बन रही स्थायी चौकी कार्तिक पूर्णिमा से पूर्व संचालित की जाए। भीड़ अधिक होने पर केवल मुख्य मंदिर खोला जाए और रोपवे संचालन को अस्थायी रूप से रोका जा सके। उन्होंने पुलिस, मंदिर ट्रस्ट और रोपवे प्रबंधन को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा।

जिलाधिकारी ने मां मनसा देवी पहाड़ी क्षेत्र के संरक्षण और कटाव रोकने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य गुणवत्तायुक्त हों और 2 से 6 नवंबर तक सभी निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रोके जाएं।

डीएम ने मंदिर परिसर में बने चिकित्सा कक्ष का भी निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के लिए दवाओं व उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मां मनसा देवी मंदिर का भव्य सौंदर्यकरण धार्मिक पर्यटन और पर्यावरण दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है। मंदिर परिसर में धार्मिक पोस्टर लगाए जाएं और निजी पोस्टर हटाए जाएं। स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान राजगिरी जी महाराज, रोपवे जीएम मनोज डोभाल, एसआई हाकम सिंह, सहायक अभियंता हाकम कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *