हरिद्वार। चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष, रोशनाबाद में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ समय से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि श्रद्धालुओं का पंजीकरण पूर्व की भांति ऋषिकुल मैदान में किया जाएगा। यहां जर्मन हैंगर युक्त अस्थायी पंजीकरण केंद्र बनाया जाएगा, जिसमें बिजली, पानी, पंखे, शौचालय आदि की व्यवस्था रहेगी। डीएम ने 20 पंजीकरण काउंटर शिफ्टवार संचालित करने तथा सुबह 7 से शाम 7 बजे तक पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग को होल्डिंग एरिया चिन्हित करने, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा गया। आरटीओ प्रवर्तन को ट्रिप कार्ड और ग्रीन कार्ड संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ऋषिकुल मैदान में हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम को पंजीकरण केंद्र और होल्डिंग एरिया में शौचालय एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। जिला पूर्ति अधिकारी को भोजन-पानी की व्यवस्था और आपात स्थिति के लिए पूर्व तैयारी करने को कहा गया।
डीएम ने होटल-रेस्टोरेंट में गैस पाइपलाइन के उपयोग को बढ़ावा देने, बस अड्डे पर बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए बसों की संख्या बढ़ाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को यात्रा मार्ग के कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। यात्रा संबंधी जागरूकता के लिए होर्डिंग, फ्लैक्स और साइनेज लगाने को भी कहा गया।
बैठक में एसपी सिटी अभय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।