हरिद्वार। जिला कार्यालय सभागार में कोरिडोर विकास के लिये एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला प्रशासन तथा व्यापार मण्डल के प्रतिनिधियों एवं स्टैक होल्डर्स शामिल रहे।
डीएम ने कहा कि शहर के सौन्दर्यकरण, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विकास हेतु कार्य योजना तैयार की जा रही है। सभी हितधारकों से सुझावों की अपेक्षा की जा रही है ताकि योजना को सर्वोत्तम बनाने में सहायता मिले।
बैठक में यूआईआईडीबी के प्रतिनिधि सुरेश गुप्ता ने धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के चलते टूरिस्ट मास्टर प्लान, परियोजना क्षेत्र परिभाषा, हर की पौड़ी के विकास, हर की पौड़ी-आस्था पथ-चण्डी घाट के लिए फिक्स और झूला पुल, सती कुंड के विकास, सड़क सुधार, पार्किंग अपग्रेडेशन, घाट और नदी के किनारे का विकास और सुधार, सॉलिड वेस्ट, जल आपूर्ति, ड्रैनेज सिस्टम, बिजली, बस स्टेशन स्थानांतरण अन्य कई विषयों पर जानकारी प्रदान की।
व्यापारियों ने सुझाव दिया कि हर की पौड़ी के सामने खाली जगह पर एक नया शहर का बसाया जाए, ताकि शहर का ऐतिहासिक, पौराणिक और धार्मिक स्वरूप भी बना रहे। इसके साथ ही, रोड कनेक्टिविटी, पार्किंग और पार्किंग के लिए सम्पर्क मार्ग, दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था, बस स्टेशन निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम, पुलों के प्रवेश और निकासी, और लाइटिंग जैसे कई पहलुओं पर सुझाव दिए गए।