देहरादून। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की टीम आपदाग्रस्त क्षेत्रों में राहत पहुंचाने के कार्य में पूरी तत्परता से जुटी हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, पानी, आवास और राशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
छमरौली गांव में लगभग 60 परिवारों (करीब 300 लोगों) को हेलीकॉप्टर के माध्यम से खाद्य पैकेट वितरित किए गए। वहीं, फूलेत गांव से एक गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति को एयर एंबुलेंस की मदद से परिजनों की सहमति पर मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इसके अतिरिक्त, दैवीय आपदा से प्रभावित कार्लीगाड, मजयाडा और सेरा गांव में गुरुवार को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के साथ-साथ सितंबर और अक्टूबर – दो माह का राशन एक साथ वितरित किया गया।
जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। जिलाधिकारी सविन बंसल स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर राहत कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और जरूरतमंदों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जा रही है।