देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में हेस्को के संस्थापक एवं पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, इंफोसिस ग्लोबल (सस्टेनेबिलिटी एंड डिजाइन व्यवसाय) के पूर्व उपाध्यक्ष एवं ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के विजिटिंग प्रोफेसर डॉ. कोरे ग्लिकमैन और कॉरपोरेट जगत से जुड़े श्री अमित भाटिया ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य के विकास, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. कोरे ग्लिकमैन ने उत्तराखंड में ग्रॉस एनवायरमेंट प्रोडक्ट (जी.ई.पी) की पहल को लागू करने और पर्यावरणीय सुधारों को प्राथमिकता देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही अमेरिका के पिट्सबर्ग में वैश्विक स्तर पर पर्यावरणीय विषयों पर एक बड़ा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जी.ई.पी, इकोलॉजी और इकोनॉमी के संतुलन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इस सम्मेलन के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री धामी को औपचारिक निमंत्रण भी सौंपा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य विकास और पर्यावरण संरक्षण में संतुलन बनाकर कार्य कर रहा है। जल स्रोतों और वन संपदा के संरक्षण के साथ-साथ राज्य सरकार ऐसे विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से कार्य कर रही है, जो इकोलॉजी और इकोनॉमी में सामंजस्य स्थापित करते हैं।