दीपा माहेश्वरी
हरिद्वार। देशभर में भीषण गर्मी चरम पर है। ऐसे में पर्यटक राहत पाने के लिए हरिद्वारें गंगा स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, 42 डिग्री पारे के बीच धर्मनगरी में हाईवे पर जाम ही जाम है। शहर के अंदर भी वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे हैं।
भीषण गर्मी के कारण पर्यटकों को जाम में फंसकर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हरिद्वार में पर्यटकों के उमड़े सैलाब के कारण वाहनों से शहर की पार्किंगें भी फुल हैं। खाकी को यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए खूब पसीना बहाना पड़ा रहा है। हरिद्वार से ऋषिकेश का सफर कई घंटों में पूरा हो रहा है। इन दिनों चारधाम यात्रा चल रही है। जिससे रोजाना हजारों यात्री हरिद्वार पहुंच रहे हैं। गंगा घाटों पर भीड़ उमड़ रही है। शहर के अधिकांश होटल-धर्मशालाएं फुल चल रही हैं। सुदिन चढ़ने के साथ ही हरिद्वार में वाहनों का दबाव बढ़ रहा है। दबाव बढ़ने के कारण हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर कई जगहों पर बार-बार जाम लग रहा है। चिलचिलाती धूप और उमस के कारण जाम में फंसने से वाहनों में सवार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण शहर के अंदर रेलवे रोड, पोस्ट ऑफिस के आसपास भी जाम की समस्या बन रही है।