हरिद्वार। कल देर रात देहरादून और बहादराबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हाईवे पर एक कार का पीछा करते हुए मुठभेड़ हुई। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, तभी बदमाशों और पुलिस की मुठभेड़ हो गई।
शनिवार की देर रात्रि करीब 1 बजे देहरादून पुलिस एक कार का पीछा कर रही थी। कार का पीछा करते हुए देहरादून पुलिस रुड़की की ओर से हरिद्वार की तरफ बढ़ी। उस समय बहादराबाद पुलिस शांतरशाह चैकी क्षेत्र में आरोग्यम के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी बहादराबाद पुलिस को सूचना दी गई। चेकिंग के दौरान एक कार बड़ेरी की ओर तेजी से भागने लगी। कार का बहादराबाद पुलिस एवं देहरादून पुलिस ने संयुक्त रूप से पीछा किया। पीछा करने के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जिस कारण बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। जिसके पैर में गोली लग गई। बदमाश ने अपना नाम फरमान निवासी नाकुड, सहारनपुर बताया, जबकि दो बदमाश गुल्लू एवं गुलफाम मौके से फरार हो गए हैं। जिनकी तलाश की जा रही है। फरमान को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
पुलिस ने फरमान के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त आई-10 कार और तीन फर्जी नंबर प्लेट बरामद की हैं। घायल बदमाश की तलाशी लेने पर उसके पास से दो जिंदा कारतूस, एक सोने की चेन और सोने की अंगूठी भी बरामद हुई।
फरमान का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह उत्तर प्रदेश, देहरादून और हरिद्वार में आधा दर्जन से अधिक चोरी और नकबजनी की घटनाओं में जेल जा चुका है। फरमान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीम दबिश दे रही है।