काशीपुर। करीब तीन माह पूर्व कथित रूप से रिश्वत लेने के मामले में विजिलेंस टीम द्वारा पकड़े गए राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांसखेड़ा कला के प्रधानाध्यापक दिनेश शर्मा पर शिक्षा विभाग ने पुनः भरोसा जताते हुए उन्हें उनके मूल पद पर बहाल कर दिया है। आज श्री शर्मा ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया, इस मौके पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों ने विद्यालय पहुंचकर उन्हें बधाई देते हुए उनके क्रिया कलापों की खुलकर तारीफ की ।
उल्लेखनीय है कि विगत 15 फरवरी को एक प्राइवेट स्कूल के प्रबंधक द्वारा की गई शिकायत पर विजिलेंस की टीम ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय बांसखेड़ा के प्रधानाध्यापक व संकुल प्रभारी दिनेश शर्मा को सहायक अध्यापक अंकुर चौहान के साथ कथित रूप से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया था, करीब एक सप्ताह पूर्व वे न्यायालय से मिली जमानत पर घर वापस आ गए थे। जमानत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने दिनेश शर्मा की सत्यनिष्ठा पर भरोसा जताते हुए उन्हें मूल पद पर बहाल कर दिया है उपखंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र कुमार साहू ने कल इस आशय का आदेश जारी करते हुए दिनेश शर्मा को अपना पद संभालने के निर्देश दिए थे। जिस पर आज उन्होंने विद्यालय पहुंचकर अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर विद्यालय के स्टाफ के साथ ही गांव एवं आसपास के तमाम लोगों ने विद्यालय पहुंचकर श्री शर्मा को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल और क्रियाकलापों की खुले कंठ से तारीफ की। इस मौके पर वहां बांसखेड़ा की ग्राम प्रधान कुमारी शाइस्ता, प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद शकील अहमद, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि विजेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान रियासत हुसैन, सखावत हुसैन, शरीफ हुसैन, महेंद्र सिंह, खलील, हरि सिंह, नरेश, रिंकू, मोहित, सुभाष सिंह, जमील अहमद, घनश्याम सिंह, मनजीत सिंह व जरीफ अहमद सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।