हरिद्वार। गर्मी का सीजन शुरू होते ही शहर में बिजली सप्लाई बाधित होने से आम जनता परेशान होने लगी है। इस संबंध में महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने जिला अधिकारी को पत्र लिखकर विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है।
उन्होंने बताया कि अभी गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, इसके बावजूद शहर के कई इलाकों, मुख्य बाजारों और कालोनियों में घंटों बिजली कटौती हो रही है। विशेष रूप से उत्तरी हरिद्वार में सुबह और रात के समय लंबे समय तक सप्लाई बाधित रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सेठी ने कहा कि विद्युत विभाग में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही यात्रा सीजन से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करना जरूरी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रात के समय अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने और कर्मचारियों की कमी के कारण धर्मशालाओं, होटलों और घरेलू उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर भूमिगत लाइनें खराब हो चुकी हैं, कई बिजली के पोल टूटे हुए हैं और कई विद्युत बॉक्स बिना कवर के खुले पड़े हैं, जो दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। ऐसे में विभाग को प्राथमिकता के आधार पर इन खामियों को जल्द ठीक करना चाहिए।
सेठी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं और बिजली कटौती से जनता व व्यापारियों को परेशानी होती रही, तो मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी।
पत्र लिखने वालों में खड़खड़ेश्वर अध्यक्ष भूदेव शर्मा, महानगर उपाध्यक्ष सुनील मनोचा, मुकेश अग्रवाल, सोनू चौधरी, एस.एन. तिवारी, राकेश सिंह, पावन पांडे, अनिल अरोड़ा, रवि बांगा, नंदकिशोर सिंह, रवि अरोड़ा, सचिन अग्रवाल, लाल जी, आशीष अग्रवाल और पवन सिंह शामिल रहे।