हरिद्वार। आगामी त्योहारी सीजन को शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाने के लिए थाना सिडकुल क्षेत्रान्तर्गत रोशनाबाद में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में थानाध्यक्ष सिडकुल, क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित सभी से अपील की गई कि वे त्योहारों को प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द के माहौल में मनाएं। पुलिस प्रशासन ने भी सहयोग की अपील की और त्यौहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने की जानकारी दी। इसके तहत बाजार क्षेत्रों में आवागमन, निर्धारित पार्किंग और भीड़भाड़ वाले स्थानों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
थाना प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया कि वे नशे के विरुद्ध कार्यवाहियों में सहयोग दें, किरायेदारों का सत्यापन कराएं और साइबर क्राइम से बचने के उपाय अपनाएं। साथ ही सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने, व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को तुरंत देने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने नागरिकों से यह भी कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और किसी भी तरह के विवाद या तनाव से बचें। उन्होंने कहा कि त्यौहारों की रौनक तभी बनी रहती है जब समाज में शांति, भाईचारा और विश्वास कायम रहे। किसी भी आपात स्थिति में 112 डायल कर पुलिस को तुरंत सूचना देने की भी सलाह दी गई।