हरिद्वार (रानीपुर)।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर “4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत रानीपुर विधानसभा में भाजपा पदाधिकारियों और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) का संगठनात्मक सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन और सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह पूरी तरह कार्यकर्ताओं को समर्पित है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाना और प्रदेश के समग्र विकास को आगे बढ़ाना प्राथमिकता है।
मुख्य वक्ता दर्जाधारी मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता के लिए बूथ स्तर को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सर्वोपरि होता है और इसके लिए मजबूत संगठन व रणनीति आवश्यक है।
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार में मदन कौशिक को शामिल किए जाने से हरिद्वार के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से रानीपुर विधानसभा में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं, जो कार्यकर्ताओं के लिए जनता के बीच जाने का मजबूत आधार हैं।
कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बीएलए-2 मौजूद रहे।