हरिद्वार। ज्वालापुर स्थित जटवाड़ा पुल पर अतिक्रमण दिनोंदिन विकराल रूप लेता जा रहा है। स्थिति यह है कि पुल पर इतनी भीड़ रहती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। खासकर शाम के समय सब्जी और फल विक्रेता अपने ठेले पुल पर लगा देते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम की स्थिति आम हो गई है। जब इन्हें ठेले हटाने को कहा जाता है, तो यह लोग झगड़े और बहस पर उतर आते हैं। पुल पर बढ़ती इस मनमानी से आमजन बेहाल हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।