हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बड़ी कार्रवाई की। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 334 पर बिना अनुमति लगाए गए 12 यूनीपोल और 10 बड़े होर्डिंग को जेसीबी की सहायता से हटाया गया। इसके साथ ही सड़क किनारे फल, सब्जी और कपड़े बेचने वालों को भी हटाया गया।
एनएचएआई के अधिशासी अभियंता अतुल शर्मा ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कोहरे के मद्देनजर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने का कार्य भी एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम द्वारा किया जा रहा है।