बाजपुर । बेरिया रोड स्थित नरखेड़ा कालोनी में घर में घुसकर गाली-गलौज करने और तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम नरखेड़ा कालोनी बेरिया रोड निवासी हीरालाल पुत्र रामचंद्र ने पुलिस को बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के ही एक व्यक्ति मेहता कालोनी बेरिया रोड एवं भौना कालोनी बाजपुर निवासी अपने दो साथियों के साथ एक राय होकर उसके घर में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करने लगे।पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान एक आरोपित ने उस पर तमंचा तानते हुए जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पर उसकी माता पर भी आरोपित ने तमंचा तान दिया और उन्हें धक्का देकर पीछे कर दिया।शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, जिस पर तीनों आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी पंजीकृत नहीं हुई थी, अलबत्ता पुलिस मामले की जांच कर रही है।