देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया। सुंदर लाल बहुगुणा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण पुरस्कार-2025 के तहत सरकारी श्रेणी में नगर निगम रुद्रपुर और गैर-सरकारी श्रेणी में विजय जड़धारी व प्रताप सिंह पोखरियाल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जागरूकता पोस्टर व इको टूरिज्म कॉर्पोरेशन के पोर्टल का लोकार्पण किया और प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड की शपथ दिलाई। स्कूली बच्चों को कपड़े के बैग वितरित किए गए और वन विभाग को प्रत्येक वन प्रभाग में 1,000 फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से पौधारोपण को जीवन के खास अवसरों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राज्य में जल स्रोतों के संरक्षण के लिए ‘सारा’ प्राधिकरण का गठन किया गया है और अब तक 6,500 से अधिक जल स्रोतों का संरक्षण किया गया है। चारधाम यात्रा के वाहनों में कूड़ेदान अनिवार्य किया गया है और हाल ही में हुए राष्ट्रीय खेलों को ‘ग्रीन गेम्स’ थीम पर आयोजित किया गया था। वन मंत्री सुबोध उनियाल और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी और सतत विकास पर बल दिया।