हरिद्वार। वर्ष का कांवड़ मेला प्रशासन की कुशल रणनीति और समन्वित प्रयासों के चलते पूरी तरह से निर्विघ्न और सकुशल संपन्न हुआ। इस उपलब्धि पर महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित पुलिस व जिला प्रशासन के सभी विभागों का आभार व्यक्त किया और उन्हें सम्मानित किया।
सुनील सेठी ने मां गंगा का धन्यवाद करते हुए कहा कि करोड़ों शिव भक्तों की आस्था से जुड़े इस विशाल आयोजन को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न करवाना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती थी, जिसे उन्होंने उत्कृष्ट प्रबंधन और तालमेल से सफल बनाया। उन्होंने कहा कि इस बार की व्यवस्थाएं स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं शिवभक्तों सभी के लिए अत्यंत सराहनीय रहीं।
इस अवसर पर व्यापार मंडल की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से भेंट कर उन्हें आभार पत्र सौंपा। साथ ही स्थानीय कोतवाली, सभी चौकियों के प्रभारियों और बाहर से आई पुलिस टीम के समर्पण को भी सराहा गया। पुलिस बल को धन्यवाद देते हुए सेठी ने कहा कि इस आयोजन को सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने में पुलिस की सक्रिय भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही।
इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को भी आभार पत्र सौंपा गया, जिसमें मेले के दौरान नगर निगम, विद्युत विभाग, जल संस्थान, शिक्षा विभाग, पर्यटन विभाग आदि द्वारा निभाई गई भूमिकाओं की सराहना की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी ने भी व्यापार मंडल तथा स्थानीय जनता एवं व्यापारियों द्वारा मिले सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।