60 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, हल्द्वानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

नैनीताल। हल्द्वानी कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 60 लाख रुपये की स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 25 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर से हल्द्वानी के लिए स्मैक की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हल्द्वानी-रुद्रपुर रोड स्थित बेलबाबा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला को रोका गया। पूछताछ के बाद महिला सिपाही द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से 203 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कनिका निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप, उधम सिंह नगर बताया।

महिला ने खुलासा किया कि वह स्मैक की खेप बिलासपुर से लेकर आई थी और इसे हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में एक व्यक्ति को सप्लाई करना था। उसने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह हल्द्वानी में स्मैक की सप्लाई कर चुकी है।

बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस टीम बिलासपुर और बनभूलपुरा के अन्य तस्करों की पहचान में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *