हरिद्वार। त्योहार एवं उत्सव भारतीय समाज की आत्मा है। यह भारत की अटूट एवं मजबूत परम्परा का सजीव उदाहरण है। भारतीय संस्कृति मे त्योहार तथा उत्सव को जनजागरण एवं चेतना जागृति का सशक्त माध्यम कहा गया है। यह विचार गुरुकुल कांगडी समविश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डा.शिवकुमार चैहान ने छात्रों के साथ मनोवैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर चर्चा के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि त्योहार एवं उत्सव एकता, सांस्कृतिक विविधता और साझा मूल्यों को दर्शाते है और परिवार तथा समुदाय को परम्पराओं और आध्यात्मिकता से जुडने का मौका प्रदान करते है। त्यौहार मानव जीवन मे ऊर्जा तथा स्फूर्ति का संचार करके लक्ष्य प्राप्ति की दिशा मे रचनात्मकता तथा व्यवहार मे सकारात्मक चिन्तन को बढाते है। उन्होंने कहा कि मनोविज्ञान की दृष्टि से त्योहार मानसिक तनाव तथा असीमित संवेदनाओं पर नियन्त्रण करने मे भी मददगार साबित होते है। आधुनिक समाज मे रिश्तों मे बिखराव तथा दिशाहीन सम्बधों को दिशा प्रदान करने मे त्यौहार महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आते है। डा.चैहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति इन मूल्यों तथा नैतिक परम्पराओं के आधार पर आनन्द की वाहिनी एवं उल्लास की सलिला कहलाती है। मानव कल्याण की दृष्टि से जीवन मे जिन वस्तुओं का महत्व है। उनमे प्रमुख भाई-बहन का प्रेम, असत्य पर सत्य की विजय, शक्ति आराधना, धनवंतरी आदि सम्पूर्ण व्यवस्थाओं मे त्योहारों को माध्यम बनाकर चेतना संचार का कार्य भारतीय संस्कृति की प्रधानता का आधार स्तम्भ है। चर्चा मे बीपीईएस के लवी कुमार, ओमप्रकाश, शिवांश अग्रवाल, किशोरी लाल, नमन त्यागी, हर्षित, विशाल चैहान, प्रिन्स ठाकुर, सर्वजीत यादव, विपिन सिंह तथा बीपीएड के लक्की कुमार, निमेष गौतम, निशान्त कुमार आदि छात्रों ने भाग लिया।