फर्जी रजिस्ट्रेशन पर ट्रेवलर्स स्वामी के खिलाफ FIR दर्ज

हरिद्वार। फर्जी रजिस्ट्रेशन का मामला सामने आने के बाद एसएसपी ने श्रद्धालुओं से अपना पंजीकरण आधिकारिक साइट से ही करने को कहा। कहा कि किसी भी जालसाज के बहकावे में न आएं।

चारधाम यात्रा की शुरुआत में ही भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन के लिए उमड़ रही है। इसी बीच फर्जी रजिस्ट्रेशन का मामला भी सामने आया है। बैरागी कैम्प पर चेकिंग के दौरान रजिस्ट्रेशन बार कोड चेक करने पर रजिस्ट्रेशन की तिथि फर्जी पायी गई।

बुधवार को महाराष्ट्र के जिला लाथूर निवासी पुष्कर थिटे ने कनखल थाने में शिकायत की कि हरिद्वार से एक्सप्लोर राहें टूर एण्ड ट्रैवल से व्हाटसअप पर उनके रजिस्ट्रेशन में फर्जीवाड़ा कर उनके साथ छलावा किया गया है। तहरीर में बताया कि सोमवार को अपने व 8 साथियों के लिये ट्रेवलर्स के स्वामी सुमित से यात्रा पैकेज लिया गया था। जिसमें उनके लिये 2 गाडियां, ठहरने के लिए होटल व यात्रा रजिस्ट्रेशन शामिल था। पैकेज की कीमत 1 लाख 32 हजार रुपये थी। जिसमे से 96 हजार रुपये एडवांस भुगतान कर दिये गये थे व 36 हजार रुपये यात्रा के दौरान दिये जाने थे।

बुधवार को पुष्कर थिटे अपने साथियों के साथ गाड़ी से बैरागी कैम्प कनखल हरिद्वार पंहुचे। जहां पुलिस ने उनके यात्रा रजिस्ट्रेशन लेटर को चैक किया। रजिस्ट्रेशन लेटर में यात्रा की तिथि 21 मई से 26 मई थी। पुलिस के रजिस्ट्रेशन लेटर स्कैन करने पर पाया कि यात्रा की वास्तविक तिथि 21 जून से 26 जून तक है। तब पुष्कर थिटे को पता चला कि ट्रेवलर्स के स्वामी सुमित ने उत्तराखण्ड टूरिज्म डप्लिममैन्ट बोर्ड के सरकारी दस्तावेज पर धोखे से कूटरचना कर फर्जी रजिस्ट्रेशन तैयार कर धोखाधड़ी की है। श्रद्धालुओं की तहरीर आरोपी के खिलाफ कनखल थाने में शिकायत पत्र के आधार पर धारा 420,467,468, 471 में मुकदमा दर्ज किया गया है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *