हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीज क्रशर से चोरी से खनिज निकालने पर सख्त कदम उठाया है। जिला खनन अधिकारी काजिम रजा ने बताया कि डीएम को अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल छापेमारी के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने मंगलवार-बुधवार की रात करीब 2:15 बजे तहसील हरिद्वार के ग्राम सहदेवपुर हरदेवपुर उर्फ रानीमाजरा में स्थित श्री शिव शक्ति स्टोन क्रशर पर औचक छापा मारा। जांच में पाया गया कि यह क्रशर पहले ही 10 जुलाई 2025 को सीज किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद यहां चोरी-छिपे अवैध खनिज निकाला जा रहा था।
टीम ने मौके पर पहुंचकर क्रशर के मुख्य गेट को फिर से सीज किया और संबंधित थाना फे़रूपुर चौकी में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा है कि अवैध खनन और भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और राज्य सरकार को राजस्व हानि पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।