मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में ‘सेवा, सुशासन और विकास’ के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और फिट इंडिया रन को फ्लैग ऑफ किया। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर न सिर्फ उनका उत्साह बढ़ाया बल्कि खुद भी पुश-अप्स लगाकर फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को फिट इंडिया की शपथ दिलाई और ड्रोन कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को ड्रोन वितरित किए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते तीन साल जनसेवा, सुशासन और विकास को समर्पित रहे हैं। उन्होंने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि वे भी खेलों में सक्रिय रहते थे। उन्होंने युवाओं को अपने सपनों के प्रति अटूट संकल्प और मजबूत इच्छाशक्ति रखने का संदेश दिया। साथ ही, सभी राज्यवासियों से रोजाना आधा घंटा व्यायाम करने, पौष्टिक आहार लेने और नशे से दूर रहने की अपील की।
सीएम धामी ने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट न सिर्फ स्वस्थ शरीर बल्कि सकारात्मक सोच और आत्मबल का भी आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया यह आंदोलन अब हर गांव और शहर तक पहुंच चुका है और राज्य सरकार भी इसमें पूरा सहयोग दे रही है। उन्होंने उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफल मेजबानी के लिए प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में उत्तराखंड की सराहना की थी। इन खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया और पदक तालिका में सातवां स्थान हासिल किया।
राज्य सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि को दोगुना करने और उन्हें आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्तियां देने का फैसला किया है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं और आधुनिक खेल उपकरणों की व्यवस्था की जा रही है, जिससे उत्तराखंड के खिलाड़ी ओलंपिक स्तर तक पहुंच सकें। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना के तहत खिलाड़ियों को आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों को खेल किट, यात्रा भत्ता और चोटिल होने पर आर्थिक सहायता की भी सुविधा दी जा रही है।
इस मौके पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक प्रशांत आर्य, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल, जिलाधिकारी सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।