रेनकोट पहनकर चुरायी थी दोस्त की कार, पुलिस ने दबोचा

हरिद्वार। कार चोरी की घटना का खुलासा करते हुए थाना कनखल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गयी कार बरामद कर ली है। आरोपी रेनकोट पहनकर कार चोरी करता हुआ सीसीटीवी में कैद हुआ था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार लेकर घूम रहा था। पुलिस की जांच पड़ताल में कार मालिक का दोस्त ही आरोपी निकला।

30 अगस्त को निरंजनी वाटिका कनखल निवासी हिमांशु गुप्ता ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बारिश के दौरान रेनकोट पहनकर कार चोरी कर लेने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था। मुकद्मा दर्ज करने के बाद तहकीकात में जुटी पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर प्रकाश में आए आरोपी को मंगलवार को चुरायी गयी कार समेत जियापोता से दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंकुर सैनी उर्फ महेश पुत्र विजय सिंह निवासी मॉडर्न कालौनी ज्वालापुर कार के मालिक हिमांशु गुप्ता का दोस्त है और उसने ही रेनकोट पहनकर कार चोरी की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस टीम में एसएचओ रविन्द्र शाह, एसआई मंदीप सिंह, कांस्टेबल दीपक चैधरी, सतेन्द्र रावत, उमेद सिंह, प्रलव चैहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *