हरिद्वार। उत्तरी क्षेत्र से हरकी पौड़ी तक गंगा घाटों पर जल संकट गहरा गया है, जिससे श्रद्धालु और स्थानीय लोग परेशान हैं। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने प्रशासन की लापरवाही पर कड़ा रोष जताते हुए जिलाधिकारी से अविलंब समाधान की मांग की है। रोजाना भागीरथ बिंदु पर जल प्रवाह रोक दिए जाने से श्मशान घाट सहित अन्य घाट जलविहीन हो जाते हैं, जिससे हजारों मछलियां तड़प-तड़प कर मर रही हैं और स्नान करने आए श्रद्धालु असमंजस में पड़ जाते हैं। घाटों के सूखने से खनन माफिया सक्रिय हो गए हैं और घोड़े-खच्चरों व गाड़ियों को घाटों पर धोने से गंगा जल अशुद्ध हो रहा है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा, जिससे जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस जनहित की मांग को लेकर महानगर व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गंगा घाटों पर पर्याप्त जल प्रवाह सुनिश्चित करने की मांग की है। मांग करने वालों में स्वामी विश्वास पुरी महाराज, रवि बांगा, दिनेश शर्मा, महेश बलूनी, अनिल कोरी, विनेश शर्मा, भूदेव शर्मा, एस. एन. तिवारी, राकेश सिंह, पवन पांडे, दीपक कुमार, महेश सिंह, धर्मपाल प्रजापति, मनोज कुमार, शिवम कुमार, राजेंद्र सिंह, निशा मल्होत्रा, संजय सैनी, मयंक सैनी, पारस अग्रवाल और रमन सिंह सहित कई लोग शामिल रहे।