गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले, श्रद्धालुओं में उमड़ा उत्साह, बुकिंग ने पार किया सात करोड़ का आंकड़ा

देहरादून। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत रूप से खोल दिए गए हैं। इस मौके पर प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस बार यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के अतिथि गृहों के लिए 1 फरवरी 2025 से अब तक कुल 7 करोड़ 85 लाख 85 हजार 579 रुपये की ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग हो चुकी है। श्रद्धालुओं के लिए इस वर्ष ऑनलाइन, ऑफलाइन, मोबाइल ऐप और आधार नंबर के जरिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 28 अप्रैल से हरिद्वार, ऋषिकेश, विकासनगर और हरबर्टपुर में शुरू हो चुके हैं। अब तक कुल 22,67,190 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं।

यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए 18 ड्रोन निगरानी के लिए तैनात किए गए हैं। ये ड्रोन केवल निगरानी ही नहीं, बल्कि किसी भी आवश्यक अपडेट के आधार पर त्वरित कार्रवाई के लिए भी उपयोग में लाए जाएंगे। इसके अलावा, 2000 सीसीटीवी कैमरों से यात्रा मार्ग की निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15 सुपरजोन, 136 पार्किंग स्थल और 56 होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यातायात दबाव को देखते हुए आवश्यकतानुसार श्रद्धालुओं को होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा और उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं वहीं प्रदान की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *