राष्ट्रीय सैनिक संस्था और अखंड हिंद फौज के कार्यक्रम में पहुंचे राज्यपाल, देशभक्ति और एकता पर दिया जोर

हरिद्वार। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) बुधवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय सैनिक संस्था की हरिद्वार इकाई एवं अखंड हिंद फौज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान अखंड हिंद फौज के छात्र-छात्राओं ने परेड एवं झांकी का भव्य प्रदर्शन किया। राज्यपाल ने परेड में छात्राओं की भागीदारी को सराहनीय बताया और उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी की प्रशंसा की।

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय सैनिक संस्था देश में राष्ट्रीय एकता, चरित्र निर्माण, समाज से बुराइयों के उन्मूलन, शहीद परिवारों के कल्याण और पूर्व सैनिकों के सशक्तिकरण के लिए बेहतरीन कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नशे और ड्रग्स जैसी बुराइयों को समाप्त करने, शिक्षा के जरिए नैतिक मूल्यों के विकास और देश में एकता को बनाए रखने की दिशा में संस्था का योगदान उल्लेखनीय है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति उसकी एकता और अखंडता पर निर्भर करती है। भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और जब हम ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से प्रेरित होकर एकजुट होते हैं, तो देश अजेय बनता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, नवाचार, विज्ञान, तकनीक और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने समाज में समरसता और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि देश के विकास में सभी नागरिकों की सक्रिय भागीदारी होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे और ड्रग्स जैसी बुराइयों को खत्म करने और शिक्षा के माध्यम से नैतिक मूल्यों को अपनाने की अपील की।

इससे पहले जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह एवं एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने पुष्प गुच्छ देकर राज्यपाल का स्वागत किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सैनिक संस्था के अध्यक्ष कर्नल टी.पी. त्यागी, डॉ. शैलेंद्र प्रताप, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक राजन छिब्बर, राष्ट्रीय आर्थिक परिषद के चेयरमैन, मेजर जनरल ओ.पी. सोनी, राष्ट्रीय संयोजक, शिक्षा विंग, राष्ट्रीय सैनिक संस्था, मेजर जनरल एम.एल. असवाल, अखंड हिंद फौज के संरक्षक अखंड प्रताप जी, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति हेमलता जी, डॉ. ओम प्रकाश अवस्थी, कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *