समान नागरिक संहिता के एक वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रम आयोजित

हरिद्वार।

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून के सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मदन कौशिक एवं विशिष्ट अतिथि मेयर किरण जैसल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

विधायक मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जिसने समान नागरिक संहिता कानून लागू किया और सफलतापूर्वक एक वर्ष पूर्ण किया। उन्होंने बताया कि यूसीसी पोर्टल पर सर्वाधिक विवाह पंजीकरण कराने में जनपद हरिद्वार ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि यूसीसी को सफल बनाने में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपील की कि जिन लोगों ने अभी तक विवाह पंजीकरण नहीं कराया है, वे यूसीसी पोर्टल अथवा नजदीकी सीएससी केंद्र के माध्यम से पंजीकरण कराएं।

इस अवसर पर यूसीसी पंजीकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 73 ग्राम प्रधानों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *