राष्ट्रीय खेलों में हरित क्रांति: इस्तेमाल तेल से बनेगा बायोफ्यूल!”

राष्ट्रीय खेलों के दौरान शुरू की गई हरित पहल अब रंग ला रही है। इस पहल के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (आईआईपी) को 250 लीटर उपयोग किया हुआ तेल बायो फ्यूल बनाने के लिए भेजा है। यह तेल पहले तीन बार इस्तेमाल किया जा चुका था, जिसे विभिन्न स्थानों से जब्त कर आईआईपी को सौंपा गया। इस वर्ष राष्ट्रीय खेलों की थीम ‘ग्रीन गेम्स’ रखी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कई नई पहल राष्ट्रीय खेलों के दौरान लागू की गई हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग भी इस पहल को सफल बनाने में जुटा है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त (मुख्यालय) जीसी कंडवाल के अनुसार, राष्ट्रीय खेलों के दौरान तीन सचल खाद्य विश्लेषण शालाओं के जरिए खाद्य पदार्थों की जांच की गई। यह जांच खेल प्रतियोगिताओं के स्थलों के साथ-साथ स्थानीय बाजारों में भी की गई। कंडवाल ने बताया कि जांच के दौरान कई स्थानों से ऐसा खाना पकाने का तेल जब्त किया गया, जिसे तीन से अधिक बार प्रयोग किया जा चुका था। बार-बार इस्तेमाल करने से तेल में कुल पोलर कंपाउंड की मात्रा बढ़ जाती है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक होती है। इसीलिए, हरित पहल के तहत तय किया गया कि यह तेल आईआईपी को भेजा जाएगा ताकि इसका उपयोग बायो फ्यूल या बायो डीजल बनाने में हो सके।

राष्ट्रीय खेलों के दौरान इस हरित पहल के तहत कई कदम उठाए गए हैं, जिनमें सभी विभागों, संगठनों और स्थानीय लोगों का सहयोग मिला। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में भी इस पहल को जारी रखना जरूरी है, ताकि दूरगामी सकारात्मक परिणाम मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *