हरिद्वार। जंगली जानवरों की आबादी में घुसपैठ थमने का नाम नहीं ले रही है। बीती रात बीएचईएल क्षेत्र से सटे सुभाष नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक गुलदार कॉलोनी की गलियों में घूमता नजर आया।
मामला सुभाष नगर की बी-11 गली का है, जहां देर रात गुलदार घरों के बाहर बेखौफ टहलता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। देखते ही देखते इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात गुलदार जंगल से निकलकर रिहायशी इलाके में आ गया और काफी देर तक गली में इधर-उधर घूमता रहा। इस दौरान वह बाहर निकलने का रास्ता तलाशता नजर आया। गली में मौजूद कुत्तों के भौंकने से घबराकर आखिरकार गुलदार वापस जंगल की ओर लौट गया।
घटना के बाद से पूरे इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी के पास ही वन क्षेत्र होने के कारण अक्सर जंगली जानवर यहां तक पहुंच जाते हैं। लोगों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना से पहले हालात काबू में लाए जा सकें।