रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित रोशनाबाद-बिहारीगढ़ मार्ग पर हेत्तमपुर-आन्नेकी में नए पुल के निर्माण को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। 38.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल के लिए विधायक आदेश चौहान ने केंद्र और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की सीआरपीएफ योजना के तहत उत्तराखंड में कुल 12 विकास कार्यों के लिए 453.96 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें यह पुल निर्माण भी शामिल है।
लगभग दो साल पहले भारी बारिश के चलते पुराने पुल के पिलर ध्वस्त हो गए थे, जिससे जिला मुख्यालय का संपर्क टूट गया था। तब विधायक आदेश चौहान के प्रयासों से अस्थायी वैली ब्रिज बनवाया गया था। लेकिन स्थायी समाधान के लिए उन्होंने लगातार प्रदेश और केंद्र सरकार के सामने प्रस्ताव रखा और इसे मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कराया। अक्टूबर में प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया, जिसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर इस कार्य को प्राथमिकता दिलाने के प्रयास किए गए।
आखिरकार, सरकार ने पुल निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस उपलब्धि पर विधायक आदेश चौहान ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और सांसदों का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। उन्होंने क्षेत्रीय जनता को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह पुल आने वाले वर्षों में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करेगा।