हरिद्वार। स्वस्थ सशक्त परिवार अभियान के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशनाबाद में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। इस दौरान 184 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में करीब 4500 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों का लाभ लेने की अपील की। साथ ही जल्द ही प्रेस प्रतिनिधियों, नगर निगम कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, सेवा पखवाड़ा संयोजक लव शर्मा, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. अशोक कुमार तोमर, डॉ. आलोक तिवारी, डॉ. अनिल वर्मा, एसीएमओ डॉ. आरती बहल, डॉ. कोमल, डॉ. बिपिन पोखरियाल सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।