धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग वापस, सुबोध उनियाल बने नए स्वास्थ्य मंत्री

देहरादून। धामी कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों के विभागों का बंटवारा करते हुए बड़ा फेरबदल किया गया है। इस क्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है, जबकि यह अहम विभाग अब वरिष्ठ मंत्री सुबोध उनियाल को सौंपा गया है।

सुबोध उनियाल धामी सरकार के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं। वर्तमान में उनके पास वन विभाग के साथ निर्वाचन, विधायी एवं संसदीय कार्य जैसे महत्वपूर्ण दायित्व भी हैं। अब स्वास्थ्य विभाग मिलने के बाद उनकी जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं।

राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो सुबोध उनियाल ने अपनी राजनीति की शुरुआत उत्तर प्रदेश से की। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से जुड़े रहने के दौरान ही उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और कांग्रेस पार्टी से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। वर्ष 2002 में उन्होंने नरेंद्रनगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।

साल 2016 में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इसके बाद 2017 में नरेंद्रनगर सीट से ही चुनाव जीतकर वे त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार में मंत्री बने, जहां उन्हें कृषि, वृक्षारोपण, बागवानी और रेशम विकास जैसे विभागों की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2022 में भी उन्होंने नरेंद्रनगर से जीत हासिल कर धामी सरकार में मंत्री पद संभाला और वन विभाग का दायित्व मिला। अब ताजा कैबिनेट विस्तार में उन्हें स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है, जिससे सरकार में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *