देश की सबसे लंबी रेल सुरंग में हुआ ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू, उत्तराखंड के विकास को मिली रफ्तार!

देहरादून  । उत्तराखंड की जीवन रेखा बनने जा रही ऋषिकेश-कर्णप्रयाग ब्रॉड गेज रेल परियोजना में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई। देवप्रयाग-सौड़ से जनासु तक बनने वाली देश की सबसे लंबी 14.57 किलोमीटर की रेल सुरंग का आज सफल ब्रेकथ्रू हुआ। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी सुरंग स्थल पर पहुंचे और इस मील के पत्थर की ऐतिहासिक उपलब्धि का निरीक्षण किया।

रेल मंत्री ने सुरंग के ब्रेकथ्रू को उत्तराखंड के विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम बताते हुए कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे भारत के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है जब भारत के पर्वतीय क्षेत्रों में सुरंग निर्माण के लिए टीबीएम (टनल बोरिंग मशीन) तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। 9.11 मीटर व्यास वाली इस अत्याधुनिक मशीन ने जिस सटीकता और रफ्तार से काम किया, वह विश्वस्तर पर एक नया मानक स्थापित करता है।

105 किलोमीटर सुरंग के अंदर दौड़ेगी ट्रेन, सात घंटे का सफर होगा दो घंटे में!

इस परियोजना के तहत 125 किमी लंबी रेल लाइन में से 105 किमी हिस्सा सुरंग के अंदर बनाया जा रहा है। कुल 16 सुरंगों में से यह सबसे लंबी है। रेल मंत्री ने जानकारी दी कि यह लाइन ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग, गौचर और कर्णप्रयाग जैसे शहरों को जोड़ेगी। इससे ऋषिकेश से कर्णप्रयाग की दूरी सात घंटे से घटकर मात्र दो घंटे रह जाएगी, जिससे हर मौसम में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन व आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

‘न्यू इंडिया’ की ओर बढ़ता उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सुरंग को उत्तराखंड के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न सिर्फ स्थानीय लोगों की लाइफलाइन बनेगी, बल्कि इससे पूरे क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को सराहते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद यह सफलता नए भारत की विकास यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना के सर्वे का कार्य भी पूरा हो चुका है और जल्द ही उस दिशा में भी प्रगति होगी।

परियोजना स्थल पर जुटा रहा पूरा प्रशासनिक अमला

इस ऐतिहासिक मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, टिहरी डीएम मयूर दीक्षित, आरवीएनएल चेयरमैन श्री प्रदीप गौर, जीएम उत्तर रेलवे श्री अशोक कुमार वर्मा, सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *