देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में संस्कृत शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में 261 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। 10वीं और 12वीं के 24 मेधावियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर क्रमशः 5100 रुपये, 4100 रुपये व रु 3100 रुपये की धनराशि दी गई।

डॉ. भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति-जनजाति संस्कृत छात्रवृत्ति योजना के तहत 148 विद्यार्थियों को तथा गार्गी संस्कृत बालिका छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 89 छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संस्कृत के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश में 13 संस्कृत ग्राम विकसित किए जा रहे हैं, साथ ही संस्कृत शिक्षा व शोध को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपनी प्राचीन विरासत को पुनर्जीवित कर रहा है, और उत्तराखंड भी नवाचार के दौर से गुजर रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक सरिता कपूर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।