नव वर्ष के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार को साफ, स्वच्छ और सुंदर जनपद बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद में पिछले एक माह 16 दिनों से महा स्वच्छता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इस अभियान की जिलाधिकारी स्वयं नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जिसका असर अब शहर से लेकर गांव, कस्बों और प्रमुख सड़क मार्गों तक साफ-सफाई के रूप में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों से अपील की है कि नव वर्ष के अवसर पर सभी लोग अपने घर-आंगन और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए चल रहे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें। जिला प्रशासन का नारा है—“साफ, स्वच्छ हो जनपद हमारा।”
अभियान के अंतर्गत बीएचईएल प्रशासन द्वारा आकांक्षा स्कूल सेक्टर-01 और मध्य मार्ग पर सफाई कर कूड़े का उचित निस्तारण कराया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया। दूधाधारी फ्लाईओवर, एनएच-74, राष्ट्रीय राजमार्ग 334, लक्सर क्षेत्र और सिडकुल की फोर लेन सड़क के किनारों पर व्यापक साफ-सफाई की गई।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा कार्यालय परिसर और आसपास उगी झाड़ियों की कटाई कर स्वच्छता सुनिश्चित की गई। वहीं, खंड विकास अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क किनारे पड़ी मिट्टी हटाकर सफाई कराई। उद्योग विभाग के माध्यम से रायपुर इंडस्ट्रियल एरिया में नालियों की सफाई सहित व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
प्रशासन का लक्ष्य हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर, क्लीन और मॉडल जनपद के रूप में विकसित करना है, जिसमें सभी विभागों के साथ-साथ आमजन की सहभागिता को भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।