हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने सोमवार को नगरपालिका शिवालिकनगर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 12 स्थित रामधाम कॉलोनी की रोशनपुरी कॉलोनी में आंतरिक सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने उपस्थित होकर विधायक का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लगातार विकास कार्य प्रगति पर हैं और धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को धरातल पर उतार रही है।
सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने कहा कि विधायक आदेश चौहान ने क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उनकी योजनाबद्ध कार्यशैली के कारण विकास कार्य तेजी से और प्रभावी ढंग से पूरे हो रहे हैं।
स्थानीय सभासद गरिमा सिंह ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि नई बसी कॉलोनियों में भी पिछले कुछ समय में करोड़ों रुपये की लागत से कई विकास कार्य कराए गए हैं। विधायक की कार्यप्रणाली अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
उद्घाटन कार्यक्रम में अश्वनी कुमार, सतपाल सिंह, संजीव चौहान, नीटू कुमार, कमलाकर शास्त्री, सूरज नेगी, ललित कुमार, प्रीतम, भूरा कुमार, सौरभ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।