देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2024 में कुछ गंभीर अपराधों में बढ़ोतरी हुई, जबकि कई अपराधों में गिरावट दर्ज की गई। सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट द्वारा पुलिस मुख्यालय से मांगी गई जानकारी में यह खुलासा हुआ।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 2024 में कुल 17,278 गंभीर अपराध दर्ज हुए, जो 2022 की तुलना में 3% कम हैं। बलात्कार में 10%, डकैती में 50%, लूट में 22%, दहेज हत्या में 60% की कमी आई है। वहीं, हत्या हेतु अपहरण 100% और महिला अपहरण 91% बढ़ गया।
महिला अपहरण के मामले 2022 में 86, 2023 में 77 थे, जो 2024 में बढ़कर 164 हो गए। हत्या के मामले 2022 में 208, 2023 में 189 और 2024 में 218 दर्ज हुए। चोरी के मामले भी बढ़े हैं।
डकैती, लूट, स्नैचिंग और बलात्कार जैसे अपराधों में गिरावट राहत भरी खबर है, लेकिन अपहरण और हत्या के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है।