हरिद्वार। हाइवे पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने जिला प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है। इस संबंध में सुनील सेठी ने ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष व पार्षद हरविंद्र सिंह के साथ प्रतिनिधिमंडल के रूप में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को एक ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में सुनील सेठी ने बताया कि हाइवे पर कई खामियों के कारण दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्य रूप से तेज रफ्तार वाहन, रांग साइड चलने वाले वाहन, पथ प्रकाश की कमी और अनावश्यक कट जैसी समस्याएं दुर्घटनाओं को न्योता दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए हाइवे अथॉरिटी, जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को सख्त और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि चिल्ला बैराज मार्ग से भीमगोड़ा पार्किंग, सर्वानंद घाट तक, नए रानीपुर हरिद्वार से सिंह द्वार कनखल पुलिया तक, तथा ज्वालापुर रेल पुल के नीचे गुरुकुल से सिंह द्वार अंडरपास तक साइड रोड पर खड़े वाहन और रांग साइड चलने वाले वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
पहला, हाइवे पर रांग साइड चलने वाले वाहनों पर सख्त चालानात्मक कार्रवाई की जाए, विशेष रूप से चिल्ला बैराज से पंतदीप पार्किंग, भीमगोड़ा पार्किंग, सर्वानंद घाट, उत्तरी हरिद्वार साइड रोड, पुराने रानीपुर साइड रोड और ज्वालापुर रेल पुल साइड रोड पर।
दूसरा, हाइवे के फ्लाईओवरों पर तेज रफ्तार वाहनों को नियंत्रित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे, रिफ्लेक्टर, स्पीड संकेतक और चालान की व्यवस्था की जाए।
तीसरा, हाइवे पर लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए अनावश्यक कटों को बंद किया जाए और जहां कट आवश्यक हों, वहां उचित दूरी पर मजबूत डिवाइडर बनाए जाएं।
इस दौरान ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद हरविंद्र सिंह ने भी कई सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि ज्वालापुर से उत्तरी हरिद्वार तक फ्लाईओवरों के नीचे के सभी कटों को नो पार्किंग जोन घोषित कर अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
इसके अलावा हाइवे की साइड रोड और फ्लाईओवरों पर बिजली और पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाए तथा खराब लाइटों को तुरंत बदला जाए। साथ ही प्रत्येक फ्लाईओवर के नीचे हाइवे अथॉरिटी द्वारा छोटी फायर सर्विस गाड़ी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और जुगाड़ वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।
सुनील सेठी ने कहा कि यदि इन सुझावों पर प्रशासन और हाइवे अथॉरिटी मिलकर काम करें तो हाइवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है।
इस अवसर पर अर्पण ग्रोवर, भूषण लाल अरोड़ा, सौरभ अरोड़ा और गुड्डू सिंह भी उपस्थित रहे।