हरिद्वार के ग्रामीण स्कूलों में सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रचार, सूचना विभाग की पुस्तिका व कैलेंडर वितरित

हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरिद्वार जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्कूलों और कॉलेजों में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तिकाओं और कैलेंडरों का वितरण किया गया। इस अभियान की अगुवाई मार्शल आर्ट गेम वुशु एवं सेल्फ डिफेंस की नेशनल कोच आरती सैनी ने अपने खिलाड़ियों के साथ की।

प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लागू की जा रही जनहितकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने का कार्य सूचना एवं लोक संपर्क विभाग कर रहा है। राज्य के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में यह कार्य योजनाबद्ध तरीके से संचालित हो रहा है। हरिद्वार जनपद में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के मार्गदर्शन और जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह के माध्यम से डिस्ट्रिक्ट वुशु एसोसिएशन हरिद्वार एवं डायनेमिक स्पोर्ट्स क्लब, मिस्सरपुर की सचिव एवं राष्ट्रीय कोच आरती सैनी ने इस अभियान को आगे बढ़ाया।

आरती सैनी ने बताया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में अपने खिलाड़ियों के साथ विभिन्न विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं को आत्मरक्षा और वुशु का प्रशिक्षण देने के साथ-साथ सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिकाओं और कैलेंडरों का व्यापक स्तर पर वितरण कर रही हैं। इस दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के साथ मिलकर छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड सरकार की लोकप्रिय योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में श्यामपुर ग्रामीण क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज और आदर्श इंटर कॉलेज में पुस्तिकाओं एवं कैलेंडरों का वितरण किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, देहरादून द्वारा प्रकाशित सामग्री की शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने सराहना की। राजकीय इंटर कॉलेज श्यामपुर के प्रधानाचार्य महेंद्र लाल ने बताया कि विद्यालय में विकास पुस्तिका और कैलेंडर वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ, जिससे छात्र-छात्राओं को सरकार की योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

सेल्फ डिफेंस की राष्ट्रीय कोच आरती सैनी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षक और विद्यार्थी इन कैलेंडरों व पुस्तिकाओं को पाकर बेहद खुश नजर आए। इन माध्यमों से सरकार की नीतियों की जानकारी जन-जन तक पहुंच रही है, जिससे लोग योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।

आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अभिषेक पेन्यृली ने भी वितरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। छात्रा आरुषि रावत और गौरी रावत ने बताया कि पुस्तिकाओं और कैलेंडरों के माध्यम से उन्हें राज्य सरकार की महत्वपूर्ण नीतियों की जानकारी मिली, जिसे वे आगे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों तक पहुंचाएंगे।

इस तरह खिलाड़ी और कोच सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनकर सामने आ रहे हैं। आरती सैनी ने कहा कि उन्होंने अंतःकरण की आवाज पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जनहितकारी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *