हरिद्वार। आज राज्य मंत्री सुनील सैनी ने हरिद्वार विधानसभा के कनखल मंडल के बूथ नंबर 103 पर दुनिया के सबसे लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण को सुना। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों से प्रेरित होकर ‘आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान’ के तहत हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। मंत्री सैनी ने स्थानीय नागरिकों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और स्थानीय उद्योगों को मजबूत करने का आग्रह करते हुए कहा कि आयात पर निर्भरता घटाकर ही भारत को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी समृद्ध कृषि परंपरा, हस्तशिल्प, औषधीय पौधों और पारंपरिक कलाओं के लिए जानी जाती है। यहां उगने वाले मोटे अनाज जैसे मंडुआ (रागी) और झंगोरा (बार्नयार्ड मिलेट) अत्यंत पौष्टिक हैं। वहीं, गहत की दाल, काला भट्ट और काली दाल जैसी स्थानीय दालें अपने स्वाद और पोषक तत्वों के लिए प्रसिद्ध हैं। इसके साथ ही हिमालयी क्षेत्रों में उत्पन्न शुद्ध शहद भी उत्तराखंड की पहचान है।
कार्यक्रम में कनखल मंडल अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, जिला महामंत्री हीरा बिष्ट, पार्षद शुभम मंडोला, मनोज वर्मा, संजीव त्यागी, नीरज राणा समेत भाजपा पदाधिकारी और अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।