हरिद्वार। उत्तराखंड शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के तबादले करते हुए नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग द्वारा 4 मार्च 2025 को जारी आदेश के अनुसार, कई आईपीएस अधिकारियों को उनके वर्तमान पदों से हटाकर नए पदों पर नियुक्त किया गया है। आदेश के मुताबिक, मुकेश कुमार सहायक पुलिस महानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे, अब पुलिस उप महानिरीक्षक बनाए गए हैं। इसी तरह, धीरेन्द्र सिंह गुज्याल को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (कारागार) के पद से स्थानांतरित कर पुलिस उप महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) नियुक्त किया गया है।
वहीं रचिता जुयाल जो पुलिस मुख्यालय में कार्यरत थीं, अब पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान, उत्तराखंड के पद पर कार्यभार संभालेंगी। इधर, जितेन्द्र मेहरा अभी तक अपर पुलिस अधीक्षक, अपराध/यातायात, हरिद्वार के पद पर कार्यरत थे, अब पुलिस अधीक्षक, अपराध/यातायात, हरिद्वार का जिम्मा संभालेंगे। इसके अलावा, निहारिका तोमर ऊधमसिंहनगर में अपर पुलिस अधीक्षक, अपराध/यातायात के पद पर थीं, अब पुलिस अधीक्षक, अपराध/यातायात, ऊधमसिंहनगर के रूप में कार्य करेंगी।