भगवानपुर में जन-जन की सरकार शिविर, 1755 लोग योजनाओं से लाभान्वित

हरिद्वार। विकासखंड भगवानपुर के न्याय पंचायत भलस्वागाज स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर में 1755 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया, जबकि 410 लोगों को अलग-अलग प्रमाण पत्र जारी किए गए। शिविर में कुल 2165 लोगों ने प्रतिभाग किया।

उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी 65 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 36 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर प्रदेश की सभी न्याय पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके और समस्याओं का शीघ्र समाधान हो।

शिविर में पानी की टंकी, आधार व राशन कार्ड, वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली बिल, जलभराव, चकरोड़ व साफ-सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों व बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *