कलयुगी बेटे ने डंडे और फावड़े से मां को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

हरिद्वार। रिश्तों को शर्मसार करने का मामला एक बार फिर से सामने आया है। पथरी क्षेत्र के धनपुरा में मंगलवार को एक बेटे ने अपनी ही मां को डंडे और फावड़े से वारकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशेड़ी बताया गया है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को पथरी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम धनपुरा में एक बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर दी है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पुलिस को एक महिला का खून से सना हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया।

हत्या के आरोप में मृतका के पति सूरजभान ने प्रार्थना पत्र देकर थाना पथरी में अपने पुत्र सावन के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया गया। बताया कि सम्पति को लेकर मां-बेटे में बहसबाजी चल रही थी और बेकाबू होकर बेटे ने फावड़े से मां पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया। जिसे पुलिस ने आज धनपुरा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पेशे से मजदूर व नवीं पास है। वह घर को अपने नाम करने की बात कर रहा था, लेकिन इस बात पर मां से उसकी बहस हो गई। बहस में जब मां ने नशे की आदतें और जेल जाने की वजह से घर उसके नाम करने से मना किया, तो तैश में आकर मां पर फावड़े और डंडे से लगातार हमला कर दिया और मां को मृत समझकर घर से भाग गया।

पुलिस ने आरोपी की निशांदेही पर हत्या में उयुक्त फावड़ा, डंडा व हत्यारोपी की खून से सनी शर्ट बरामद की है। आरोपी को अब न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *