हरिद्वार | जिला सैनिक कल्याण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस को शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शहीद सैनिकों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीदों की वीर नारियों और परिजनों को शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सीमा पर तैनात सैनिक विषम परिस्थितियों में देश की रक्षा कर रहे हैं। शहीदों के परिजनों और भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स और छात्रों को निबंध व स्लोगन प्रतियोगिता में सम्मानित किया गया, वहीं कारगिल शहीद की स्मृति में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
शहीद राइफलमैन मान सिंह गोसाईं के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीडीओ आकांक्षा कोण्डे, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, डीआईओ अहमद नदीम, समेत कई अधिकारी, कर्मचारी व सैनिक परिवार मौजूद रहे।