हरिद्वार। राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, वजीराबादी खड़खड़ी में श्रवण सेवा एवं शोध संस्थान, हरिद्वार के तत्वावधान में एक विशेष व्याख्यान एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर निगम मेयर किरण जैसल, मुख्य वक्ता डॉ. पुष्पा रानी वर्मा, नगर निगम पार्षद सुमित चौधरी, प्रधानाचार्य सरिता सिंह तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. अशोक गिरि ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य वक्ता डॉ. पुष्पा रानी वर्मा ने “आधुनिक संचार माध्यमों का युवा पीढ़ी पर प्रभाव” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि मोबाइल आज की जरूरत तो है, लेकिन उसका दुरुपयोग समाज को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि मोबाइल का प्रयोग केवल शिक्षा और अच्छे कार्यों के लिए ही किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां मोबाइल सुविधा दे रहा है, वहीं इसके गलत प्रयोग से समाज में अपराध भी बढ़ रहे हैं। बच्चों को भारतीय संस्कृति के संरक्षण हेतु मोबाइल का सदुपयोग करना चाहिए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मेयर किरण जैसल ने भी मोबाइल के संयमित उपयोग पर बल देते हुए कहा कि छात्राओं को इसका उपयोग सिर्फ पढ़ाई और रचनात्मक गतिविधियों के लिए करना चाहिए।
नगर निगम पार्षद सुमित चौधरी ने कहा कि संचार के इस माध्यम का उपयोग विद्यार्थियों को अपने चरित्र निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लिए करना चाहिए।
कार्यक्रम में कक्षा 6 से 9 तक की छात्राओं को सम्मानित किया गया। छात्राओं कु. कवीशा और कु. अपराजिता ने सुंदर काव्य पाठ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संगीता कुलाश्री ने किया। अंत में प्रधानाचार्य सरिता सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर पार्षद सुमित चौधरी, अभिषेक गुप्ता, दीपक मेहता, दीनदयाल दीक्षित, प्रदीप शर्मा, प्रमोद गिरि, अपराजिता, सबरनी सोलंकी, अंजुम नेगी, हेमलता, संगीता कुलश्री, दिव्या चौधरी, सोनिया मोहन, नीना मिश्रा, राहुल ममगाई, महेश समेत विद्यालय की सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।