हरिद्वार। सुभाष नगर गली नंबर ए-14 स्थित महाकालेश्वर मंदिर में हनुमान जयंती के अवसर पर एक भव्य सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि यह कार्यक्रम महाकालेश्वर मंदिर की नवनिर्मित और अब विधिवत रूप से रजिस्टर्ड महाकालेश्वर मंदिर युवा समिति (रजि.) द्वारा आयोजित किया गया। समिति ने अपने दूसरे कार्यकाल के पूर्ण होने के बाद हाल ही में रजिस्ट्रेशन कराया है, जिसके उपलक्ष्य में यह पहला बड़ा धार्मिक आयोजन था।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री आदेश चौहान, पार्षद श्री योगेंद्र सैनी, ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री पवनदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता ने भाग लेकर सुंदरकांड का रसपान किया और दिव्य माहौल का आनंद लिया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष मनोज धीमान ने विधायक आदेश चौहान का अंगवस्त्र पहनाकर भावपूर्ण स्वागत किया।
अध्यक्ष मनोज धीमान ने जानकारी दी कि समिति पिछले दो वर्षों से मंदिर में सेवा कार्य कर रही है, और अब रजिस्ट्रेशन के बाद मंदिर के विकास कार्यों को और अधिक सशक्त रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही समिति समय-समय पर समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को भी निरंतर करती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान समिति के उपाध्यक्ष बी.के. सिन्हा, सचिव सचिन धीमान, कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य भी मौजूद रहे। धार्मिक वातावरण और श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।