महामंडलेश्वर बने स्वामी राममुनि महाराज, हर की पौड़ी पर हुआ भव्य स्वागत

हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन द्वारा महामंडलेश्वर बनाए जाने के बाद स्वामी श्री श्री 1008 राममुनि महाराज का हर की पौड़ी पर भव्य स्वागत किया गया। प्रयागराज महाकुंभ में अखाड़े के पंच परमेश्वर और संत महापुरुषों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ उन्हें महामंडलेश्वर पद की उपाधि प्रदान की गई। इस मौके पर संतों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

महामंडलेश्वर बनने के बाद पहली बार हरिद्वार पहुंचे स्वामी राममुनि महाराज ने हर की पौड़ी पर गंगा पूजन और दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान गंगा सभा के पदाधिकारियों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

भाजपा ओबीसी मोर्चा उत्तराखंड के अध्यक्ष राकेश गिरी ने कहा कि संतों की वाणी में दिव्यता और शांति होती है, क्योंकि मां सरस्वती का आशीर्वाद उनके शब्दों में बसता है। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप सिंहानिया ने कहा कि संतों का कथन सत्य, ज्ञान और भक्ति से ओत-प्रोत होता है और वे हमें सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार ने स्वामी राममुनि महाराज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूर्व विधायक आचार्य जगदीश मुनि जी के पदचिह्नों पर चलकर अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उनके मार्गदर्शन से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

स्वामी राममुनि महाराज ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में जो उपाधि उन्हें संत महापुरुषों ने दी है, वे उसके लिए सदैव ऋणी रहेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इस पद की गरिमा को बनाए रखेंगे और सभी संतों का सदा सम्मान करते रहेंगे।

इस मौके पर स्वामी नारायण मुनि, स्वामी रविंद्र दास, स्वामी बालक दास, महंत मुकेशानंद, संत सत्यपाल सहित अनेक संत महापुरुष, भाजपा नेता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *