हरिद्वार। बृहस्पतिवार की देर शाम कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी.एल. शाह ने निर्वाचक नामावलियों की पुनः जांच के लिये राजनीतिक पार्टियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक ली। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने 01 जनवरी 2025 को आधार मानकर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम तय किया है।
उन्होंने कहा कि 20 अगस्त से निर्वाचन आयोग ने नामावली की समीक्षा और सुधार के लिए कई गतिविधियाँ शुरू की हैं। इनमें घर-घर जाकर मतदाता सूची की जांच, मतदान स्थलों और क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण और मौजूदा सूची में त्रुटियों को ठीक करना शामिल है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य सही और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण से पहले की गतिविधियों के तहत 18 अक्टूबर 2024 तक बीएलओ के माध्यम से घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएगा, मतदाता सूची और ईपीआईसी में गलतियों को ठीक किया जाएगा, मतदेय स्थलों और अनुभागों का पुनर्निर्धारण होगा, और कंट्रोल टेबल को अपडेट किया जाएगा। एकीकृत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन 29 अक्टूबर 2024 को होगा। दावे और आपत्तियां 29 अक्टूबर से 28 नवंबर तक जमा की जा सकेंगी। विशेष अभियान 9-10 नवंबर और 23-24 नवंबर को होगा। दावों का निस्तारण 24 दिसंबर तक किया जाएगा, और निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2025 को होगा।