हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल ने बैठक कर मुख्यमंत्री से व्यापार नीति आयोग के गठन की मांग की। जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने व्यापारियों के लिए आकस्मिक व्यापार बीमा, राहत पैकेज, और पेंशन योजनाएं लागू करने की बात कही। साथ ही, उन्होंने प्रदेश के व्यापारियों के सहयोग से 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपने की योजना बनाई।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रीत कमल ने रानीपुर की ड्रेनेज समस्या के समाधान की बात कही, जबकि महामंत्री नाथीराम सैनी ने बाजारों के पास फ्री पार्किंग की व्यवस्था की मांग की। उपाध्यक्ष सुनील मनोचा और पंकज माटा ने व्यापारियों के लिए ब्याजमुक्त लोन और रोजगार सृजन पर बल दिया।
इस दौरान भूदेव शर्मा, सोनू चौधरी, मुकेश अग्रवाल, अनिल कोरी, राकेश सिंह सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।